रामगढ़ चैंबर की 12वीं कार्यकारिणी बैठक संपन्न, व्यापारिक मुद्दों पर मंथन

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) :  रामगढ़ चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की प्रथम वर्ष की 12वीं कार्यकारिणी एवं उप समिति सभापतियों की बैठक मंगलवार (31 मार्च 2026) को बिजुलिया स्थित चैंबर भवन के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चैंबर अध्यक्ष मंजीत साहनी ने की, जबकि संचालन मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी उर्फ मानु ने किया।

बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष मंजीत साहनी ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों, उप समिति सभापतियों और उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। साथ ही पिछली बैठक के मिनट्स को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इसके बाद बैठक में स्थानीय व्यापारिक समस्याओं, औद्योगिक विकास और सरकारी नीतियों के प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष ने व्यापारियों के हित में चैंबर द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों और प्रयासों की जानकारी दी।

बैठक में प्रमुख रूप से छावनी परिषद रामगढ़ से बस टर्मिनल, डोरमेट्री और कैंटीन को शीघ्र चालू करने की मांग उठाई गई। साथ ही बस स्टैंड क्षेत्र में पेवर ब्लॉक लगाने, बिजुलिया तालाब की सफाई, जर्जर बिजली पोल और तारों की मरम्मत, सड़क मरम्मती और समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

इसके अलावा आरटीओ हजारीबाग को स्कूल बस परमिट से संबंधित, विभिन्न बैंकों एवं रिजर्व बैंक रांची को सिक्कों की कमी, तथा रामगढ़ उपायुक्त को कमर्शियल सिलेंडर आपूर्ति की समस्याओं को लेकर भेजे गए पत्रों की जानकारी भी साझा की गई। विद्युत विभाग से शहर में बेहतर रोशनी और मरम्मत कार्य जल्द कराने की मांग दोहराई गई।

चैंबर के पूर्व अध्यक्ष आनंद अग्रवाल और प्रदीप कुमार सिंह ने राजधानी की तर्ज पर रामगढ़ में व्यापार एवं उद्योग मेला आयोजित करने का सुझाव दिया, जिस पर विस्तृत चर्चा अगली बैठक में करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के अंत में उपाध्यक्ष अमरेश गणक ने सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, आनंद अग्रवाल, पंकज प्रसाद तिवारी, झारखंड फेडरेशन ऑफ चैंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, उपाध्यक्ष अमरेश गणक, सह सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी सहित कई कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।