रामगढ़ (झारखंड) : सिद्धिविनायक परिसर में ‘अभ्युदय’ जोनल टैक्स सेमिनार का भव्य आयोजन, 300 से अधिक प्रोफेशनल्स ने लिया भाग

Spread the love

रामगढ कैंट,  झारखंड : रामगढ़ (झारखंड) में टैक्स प्रैक्टिशनर एसोसिएशन एवं ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स (AIFTP) के संयुक्त तत्वावधान में सिद्धिविनायक परिसर में जोनल टैक्स सेमिनार ‘अभ्युदय’ का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण सेमिनार में झारखंड सहित चार राज्यों से लगभग 300 अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं टैक्स प्रोफेशनल्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र में वक्ताओं ने कर व्यवस्था में हो रहे निरंतर बदलावों के बीच टैक्स प्रोफेशनल्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला तथा निरंतर ज्ञान अद्यतन रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

तकनीकी सत्रों में देश के प्रतिष्ठित वक्ताओं ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। जोधपुर से आए डॉ. सीए अर्पित हल्दिया ने जीएसटी कानून की जटिलताओं, अनुपालन की चुनौतियों एवं पेनाल्टी प्रावधानों पर व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। वहीं मुजफ्फरपुर से पधारे सीए सुनील अग्रवाल एवं सीए दिव्या अरोड़ा गुप्ता ने जीएसटी के नए नियमों, नोटिस हैंडलिंग और विभागीय कार्यवाहियों को उदाहरण सहित समझाया। कोलकाता से आए सीए गिरधर डेलिया ने नए आयकर कानून, हालिया संशोधनों और उनके व्यावहारिक प्रभावों पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया, जिसे प्रतिभागियों ने काफी सराहा।

सेमिनार के दौरान प्रतिभागियों ने वक्ताओं से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।

इस आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम अध्यक्ष महेश प्रसाद सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष आनंद हेतमसरिया, संस्थापक अध्यक्ष सुरेश प्रसाद अग्रवाल, अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सचिव सूरज प्रसाद, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश नायक, उपाध्यक्ष विजय लाल, सहसचिव निशांत शर्मा सहित संगठन के कई सक्रिय सदस्यों — रोशन कुमार, विपुल सिंह, श्रीकांत सिंह, प्रदीप कुमार, सिकंदर सिंह, अमित अग्रवाल, संदीप खंडेलवाल, राजेश प्रसाद, विपिन कुमार, कैलाश कुमार आदि का विशेष योगदान रहा।

अंत में आयोजन की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों, वक्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उपरोक्त जानकारी मीडिया प्रभारी आकाश भंडारी द्वारा दी गई।