झारखंड : रामगढ़ जिला के कुजू में शिक्षा सचिव का पुतला दहन, अनुदान नहीं मिलने पर शिक्षकों का विरोध

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू में शनिवार को झारखंड संयुक्त शिक्षा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया गया। इस दौरान शिक्षकों और कर्मियों ने अनुदान भुगतान में देरी को लेकर नाराजगी जताई।

मोर्चा के प्रतिनिधियों ने बताया कि सत्र 2025-26 के लिए अनुदान हेतु 223 संस्थानों ने ऑनलाइन आवेदन किया था, लेकिन अब तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। विभाग द्वारा आवेदन प्रक्रिया में त्रुटि का हवाला दिया जा रहा है, जबकि वेबसाइट पिछले दो वर्षों से तकनीकी समस्याओं से जूझ रही है।

इस स्थिति के कारण संबंधित संस्थानों में कार्यरत करीब 3000 कर्मियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोर्चा का आरोप है कि कई बार अनुरोध के बावजूद विभागीय स्तर पर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया।

प्रदर्शन में रामगढ़ जिले के विभिन्न वित्त रहित इंटर महाविद्यालयों और विद्यालयों के शिक्षक व कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। देवनाथ सिंह, जगन्नाथ महतो, कुलदीप प्रसाद, मनोज प्रसाद, सर्वेश्वर राम, सुनील कुमार सिंह, राजेंद्र कुमार, चंदन कुमार सहित कई प्राचार्यों और प्रधानाध्यापकों ने भी आंदोलन का समर्थन किया।

मोर्चा ने चेतावनी दी है कि जब तक लंबित अनुदान का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।