घाटो (रामगढ़), झारखण्ड : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने गुरुवार को रामगढ़ जिले के घाटो तांड स्थित आरा चार नंबर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता को विकास के नाम पर सिर्फ ठगा जा रहा है और न तो जनता का विकास हो रहा है और न ही राज्य का।
रांची से बोकारो जाने के क्रम में चार नंबर पहुंचे चंपाई सोरेन का कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कुछ देर के लिए मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति भी बन गई, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब जनता सरकार के झूठे वादों में आने वाली नहीं है और आने वाले समय में वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने विस्थापितों की समस्या को उठाते हुए कहा कि आज भी उनकी स्थिति जस की तस बनी हुई है और इसके समाधान के लिए फिर से बड़े आंदोलन की जरूरत है।
उन्होंने लोगों से अपने हक और अधिकार के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने और आने वाले समय में आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
इससे पूर्व चंपाई सोरेन ने घाटो के सारूबेड़ा जाहेरस्थान में पूजा-अर्चना कर झारखंड के मजदूरों, किसानों और विस्थापितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
सभा समाप्त होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई और वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से शुरू हो गया।