कुजू (रामगढ़), झारखंड : जिले के कुजू क्षेत्र में गैरकानूनी तरीके से गोद लिए गए एक तीन माह के शिशु को जिला प्रशासन के निर्देश पर रेस्क्यू कर सुरक्षित बरामद किया गया। बच्चे को जिला बाल संरक्षण इकाई, रामगढ़ के सुपुर्द कर दिया गया है।
मामला कुजू ओपी क्षेत्र के पूर्वी न्यू कॉलोनी का है, जहां स्थानीय लोगों ने एक दंपति के घर में संदिग्ध परिस्थिति में छोटे बच्चे को देखकर इसकी सूचना जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी शांति बागे को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया।
जिला प्रशासन के सहयोग से शांति बागे के नेतृत्व में विधि सह प्रवेक्षा पदाधिकारी रंजीत कुमार, चाइल्डलाइन रामगढ़ की परियोजना समन्वयक पुष्पा कुमारी और सामाजिक कार्यकर्ता रेमन पंकज की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को बरामद किया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने बताया कि उक्त शिशु को धनबाद के एक दंपति द्वारा सादे कागज पर लिखित समझौते के जरिए गैरकानूनी तरीके से पालन-पोषण के लिए दिया गया था, जो कि कानूनन अवैध है।
फिलहाल बच्चे को जिला बाल संरक्षण इकाई में सुरक्षित रखा गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।