नागपुर पुलिस ड्यूटी मीट में झारखंड पुलिस का शानदार प्रदर्शन : हजारीबाग को सिल्वर, रांची को ब्रॉन्ज मेडल

Spread the love

रांची (झारखंड) : महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित 69वीं अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में झारखंड पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। देशभर की पुलिस इकाइयों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद झारखंड के अधिकारियों ने अपनी दक्षता और पेशेवर कौशल का शानदार परिचय दिया।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में क्राइम सीन और फोटोग्राफी श्रेणी में हजारीबाग जिला बल के सब इंस्पेक्टर अनुपम प्रकाश ने सिल्वर मेडल हासिल किया, वहीं रांची जिला के राकेश कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया।

इस उपलब्धि पर पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सीआईडी के एडीजी मनोज कौशिक ने दोनों पदक विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करती हैं।

एडीजी मनोज कौशिक ने यह भी कहा कि यह सफलता न केवल व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम है, बल्कि झारखंड पुलिस के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक के उपयोग और बेहतर टीम वर्क को भी दर्शाती है।

उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय बताते हुए दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।