रामगढ़ (झारखंड) : जिले के समाहरणालय परिसर में झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर मनरेगा कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार को एक माह पूरी कर गई। हड़ताल की अध्यक्षता लखन मुंडा ने की।
लखन मुंडा ने बताया कि मनरेगा कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की थी, जिसे अब एक माह पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
प्रमुख मांगें :
सेवा स्थायीकरण
मनरेगा कोषांग के अनुरूप ग्रेड पे लागू करना
लंबित मानदेय का भुगतान
संघ के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से मांगें उठाई जा रही हैं, लेकिन सरकार अब तक संवेदनहीन बनी हुई है। हड़ताल के दौरान किसी भी सरकारी प्रतिनिधि ने कर्मियों से वार्ता नहीं की, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस हड़ताल के कारण जिले में मनरेगा से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आंदोलन में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ), सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, लेखा सहायक, कंप्यूटर सहायक और ग्राम रोजगार सेवक शामिल हैं।
हड़ताल में दशरथ यादव, यमुना रविदास, राजकुमार रविदास, विनय प्रकाश लुगून, शिवेंद्र भारती, मो. अशफाक, तिलेश्वर महतो, प्रेम किशोर महतो, त्रिशुल, शंकर महतो, भोला प्रसाद, महेंद्र नायक समेत कई मनरेगाकर्मी शामिल रहे।