रामगढ़ (झारखंड) में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान, पोस्टर-बैनर जारी

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : शांतिधारा फाउंडेशन के सौजन्य से गर्भाशय (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण को लेकर जागरूकता अभियान के तहत पोस्टर एवं बैनर जारी किए गए।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी अग्रवाल ने बताया कि सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष की बच्चियों के लिए निःशुल्क टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है, लेकिन जागरूकता के अभाव में कई अभिभावक इसमें रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पोस्टर और बैनर जारी किए गए हैं।

इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन रामगढ़ जिला के अध्यक्ष सह अवकाश प्राप्त सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी द्वारा औपचारिक रूप से पोस्टर एवं बैनर का लोकार्पण किया गया।

उन्होंने कहा कि सर्वाइकल  कैंसर एक गंभीर और घातक बीमारी है, जिसके मामले भारत में काफी अधिक पाए जाते हैं। हालांकि, समय पर टीकाकरण के माध्यम से इसकी प्रभावी रोकथाम संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं होता, इसलिए अभिभावकों को बिना किसी भय के अपनी बच्चियों का टीकाकरण कराना चाहिए।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सरकारी अस्पतालों में यह टीकाकरण निःशुल्क उपलब्ध है, जिसका लाभ अधिक से अधिक लोगों को उठाना चाहिए।

कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, डॉ. विशाल कुमार, डॉ. मधुरिमा, गोविंद लाल अग्रवाल, मनजीत साहनी, रतन कुमार जैन, प्रभात कुमार अग्रवाल तथा ओंकार मल्होत्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे।