झारखंड के देवघर में आयुक्त ने श्रावणी मेला 2026 की तैयारी की समीक्षा, बाबा मंदिर व रूटलाइन का किया निरीक्षण

Spread the love

देवघर (झारखंड) : आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर संथाल परगना आयुक्त संजय कुमार ने देवघर परिसदन सभागार में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इससे पहले उन्होंने सुबह करीब 9 बजे बाबा मंदिर सहित कांवरिया रूटलाइन का झारखंड प्रवेश द्वार दुम्मा तक निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

दोपहर 12 बजे से शुरू हुई समीक्षा बैठक करीब तीन घंटे तक चली, जिसमें आयुक्त ने विभागवार तैयारियों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के बाद आयुक्त ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी के साथ मंदिर की आंतरिक व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया।

आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि 30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला में अभी लगभग साढ़े तीन माह का समय शेष है। ऐसे में समय रहते तैयारियों को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मेले का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन, सुरक्षित जलार्पण और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में मेला शुरू होने के करीब तैयारियां शुरू करने से व्यवस्थाएं सुचारू रूप से स्थापित करने में कठिनाई होती थी, इसलिए इस बार समय से पहले ही तैयारी आरंभ कर दी गई है।

बैठक में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ, सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार, डीडीसी पीयूष सिन्हा, एसडीओ रवि कुमार, डीटीओ शैलेश प्रियदर्शी, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता नीरज आनंद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।