झारखंड के रामगढ़ में जिला कराटे चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज, पहले दिन 100 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Spread the love

भाग लेने वाले प्रतिभागी व रेफरी अतिथियों के साथ

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : स्कॉलर्स हाई स्कूल, रांची रोड में आयोजित रामगढ़ जिला कराटे चैंपियनशिप 2026 का प्रथम दिन उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन करीब 100 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में भाग लेते हुए अपने कौशल और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर चले मुकाबलों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसने दर्शकों को भी रोमांचित कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस फौज़ान अहमद उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में प्रिंसिपल सह एआरओ निशिकांत कर, डीएवी आरा के प्रिंसिपल आलोक कुमार, स्पोर्ट्स कराटे डो एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष हांशी मानस सिन्हा तथा एग्जीक्यूटिव कमेटी सदस्य सेंसेई रंजीत मेहता शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन राहुल पांडे ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिससे आयोजन में अनुशासन और जोश बना रहा। मुख्य अतिथि फौज़ान अहमद ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कराटे केवल खेल नहीं, बल्कि आत्मरक्षा का सशक्त माध्यम है, जो युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता विकसित करता है।

निशिकांत कर ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, जबकि आलोक कुमार ने खिलाड़ियों के समर्पण और अनुशासन की सराहना की। हांशी मानस सिन्हा ने कहा कि झारखंड में कराटे का स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है और रामगढ़ जिला इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

प्रतियोगिता में जिला स्तरीय जजेस टीम की उपस्थिति में मुकाबले निष्पक्ष और तकनीकी रूप से सफलतापूर्वक संपन्न हुए। आयोजन को सफल बनाने में स्पोर्ट्स कराटे डो एसोसिएशन ऑफ झारखंड के प्रेसिडेंट रेन्से नरेंद्र सिन्हा, शिहांश शशि पांडे, जनरल सेक्रेटरी एवं ट्रेज़रर विनय रंजन, रेफरी कमीशन चेयरमैन संजय सोनकर के साथ-साथ सुमित कुमार, रूपेश कुमार, कमल नायक, राहुल पांडे, शेखर कुमार, जोगिंदर गंजू, मार्शल टुड्डू, चंद्रप्रकाश उपाध्याय, चंदन साहू, बाबलू माटो, प्रदीप हांसदा, राशि सिन्हा, बंटी, सुमित सिंह एवं प्रिया का सराहनीय योगदान रहा।

पहले दिन के विजेता खिलाड़ी:

स्वर्ण पदक विजेता :

सुरभि कुमारी, रिया राज, नैन्सी सिंह, स्वयम, कुमार उज्ज्वल, स्वयम कृष्ण सिंह

रजत पदक विजेता :

अमृता कुमारी, रक्षा रानी, रिया कुमारी, नैतिक राज, तेजस झा, अर्जुन कुमार

कांस्य पदक विजेता :

हर्षवीर सिंह, करण राज, अजय कुमार हांसदा, शिवम जायसवाल, सना गुप्ता, शगुन कुमारी, दीपिका कुमारी, रिया कुमारी, सुबी कुमारी, आनंदिता दास गुप्ता

पहले दिन के सफल आयोजन के बाद खिलाड़ियों में अगले मुकाबलों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में प्रतियोगिता और भी अधिक रोमांचक और उच्च स्तर की होगी।