रामगढ़ (झारखंड) में उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक पर भाजपा का प्रदर्शन, सीएम का पुतला दहन

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उत्पाद सिपाही बहाली परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर रविवार को रामगढ़ के सुभाष चौक पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होना बेहद गंभीर मामला है और इससे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

भाजपा नेताओं ने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर राज्यभर के जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष इसी बहाली प्रक्रिया के दौरान हुई दौड़ में कई अभ्यर्थियों की जान चली गई थी, जिसे लेकर भी पार्टी पहले से आवाज उठाती रही है।

प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें राजू चतुर्वेदी, जगेश्वर प्रजापति, रंजन सिंह फौजी, शिवकुमार महतो, रमेश करमाली, सुशांत कुमार पांडे, राजीव रंजन प्रसाद, प्रो. संजय प्रसाद सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।