रामगढ़ (झारखंड): झारखंड स्टाफ सिलेक्शन कमीशन द्वारा आयोजित झारखंड उत्पाद सिपाही लिखित परीक्षा का जिले में सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन किया गया। प्रशासन की मजबूत तैयारियों और सतत निगरानी के बीच सभी 32 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा तीन पालियों में सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
परीक्षा के लिए जिले में कुल 9,384 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी। उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़ के नेतृत्व में अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रही।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय सघन जांच (फ्रिस्किंग) की गई और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व प्रतिबंधित सामग्री पर पूर्ण रोक लगाई गई। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के जरिए कदाचार की संभावना को पूरी तरह खत्म किया गया।
उपायुक्त ने सफल आयोजन के लिए सभी दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों, पुलिस बल एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से परीक्षा का सफल संचालन संभव हो पाया है।