रांची, झारखंड : भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप-सी, रांची मंडल का द्वितीय द्विवार्षिक अधिवेशन डोरंडा प्रधान डाकघर में श्याम सुंदर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता, दत्तोपंत ठेंगड़ी और भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते संघ के पदाधिकारी
अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में संजय सेठ (रांची सांसद सह रक्षा राज्यमंत्री) शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ डाक अधीक्षक बिनोद कुमार पंडित, प्रांतीय सचिव प्रभात रंजन, बीएमएस झारखंड के प्रदेश महामंत्री राजीव रंजन सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मौजूद संघ की महिला पदाधिकारी
मुख्य अतिथि संजय सेठ ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय डाक कर्मचारी संघ दुनिया के बड़े कर्मचारी संगठनों में शामिल है और इसके सदस्य राष्ट्र, विभाग और कर्मचारियों के हित में समर्पित भाव से कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डाक विभाग तेजी से डिजिटल हो रहा है, जिससे लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
वहीं वरिष्ठ डाक अधीक्षक बिनोद कुमार पंडित ने कहा कि विभाग और कर्मचारी संघ मिलकर बेहतर कार्य कर रहे हैं तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
प्रांतीय सचिव प्रभात रंजन ने कर्मचारियों की समस्याओं को उठाते हुए कैशलेस मेडिकल सुविधा, स्थानांतरण में सहूलियत, उपकरणों की उपलब्धता, भवन मरम्मत और समयबद्ध प्रोन्नति जैसी मांगों पर जोर दिया।
रामगढ़ से आए प्रतिनिधि रविशंकर राय ने कर्मचारियों से विभाग और राष्ट्रहित में समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।
अधिवेशन के दौरान सहायक डाक अधीक्षक अजय कुमार की देखरेख में सर्वसम्मति से नए सत्र के लिए पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें श्याम सुंदर को अध्यक्ष, शशि शेखर को सचिव और जितेंद्र कुमार ठाकुर को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा कुल 15 पदाधिकारियों की नई टीम गठित की गई।
कार्यक्रम में जमशेदपुर, रामगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों डाक कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी गई तथा धन्यवाद ज्ञापन शशि शेखर ने किया।