कुजू (रामगढ़), झारखंड: जिले के कुजू क्षेत्र स्थित बोंगावार में रविवार 12 अप्रैल 2026 को दोपहर बालाजी मेटल प्लांट में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब दोपहर 3 बजे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से आग की शुरुआत हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में रखे 4 से 5 तेल के ड्रम भी इसकी चपेट में आ गए, जिससे लपटें और तेज हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में काला धुआं फैल गया।
आग लगते ही प्लांट में काम कर रहे मजदूरों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। वहीं, आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को ही वजह माना जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।