भक्ति के रंग में रंगा रामगढ़ : पटवारी परिवार ने धूमधाम से निकाली खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा, गूंजे जयकारे

Spread the love

पटवारी परिवार रामगढ़ का दो दिवसीय द्वितीय श्री श्याम वार्षिक उत्सव का हुआ शानदार आगाज,  हाथों में निशान होठों पर “जय श्री श्याम” “हारे के सहारे के जयकारों” से गूंजी फिजा,  सैकड़ो महिलाओं ने हाथों में पवित्र निशान लेकर किया नगर भ्रमण,    कोलकाता के भजन गायक सौरभ शर्मा आज सुमधुर भजनों की करेंगे प्रस्तुति

शोभा यात्रा में निशान के साथ शामिल श्रद्धालु 

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ शहर सोमवार को पूरी तरह से खाटू श्याम बाबा की भक्ति में लीन नजर आया। अवसर था दो दिवसीय पटवारी परिवार रामगढ़ का द्वितीय श्री श्याम वार्षिक उत्सव के आगाज का। इस महोत्सव के तहत शहर में एक विशाल और भव्य निशान यात्रा निकाली गई, जिसमें आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

पटवारी निवास मेन रोड से शुरू हुआ नगर भ्रमण

यह भव्य निशान यात्रा शहर के पटवारी निवास में मेन रोड प्रांगण से पूरे विधि-विधान के साथ शुरू हुई। हाथों में श्याम बाबा का पवित्र निशान (ध्वजा) थामे सैकड़ो की संख्या में महिलाओं, पुरुष ,बच्चे ने इस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। निशान यात्रा शहर के मेन रोड सुभाष चौक होते हुए नेहरू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर रामगढ़ धाम प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई।

जयकारों से गुंजायमान हुआ शहर

यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए झूमते-गाते आगे बढ़ रहे थे। ‘हारे के सहारे की जय’ और ‘श्याम प्यारे की जय’ के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। जिससे पूरे इलाके में एक सकारात्मक और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

कोलकाता के भजन गायक सौरभ शर्मा आज सुमधुर भजनों की करेंगे प्रस्तुति

बताया कि इस दो दिवसीय श्री श्याम वार्षिक उत्सव में आज मंगलवार को ख्याति प्राप्त कलाकार कोलकाता के भजन गायक सौरभ शर्मा के द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

एकता और सकारात्मकता का संदेश है यह आयोजन

कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी गई कि इस श्री श्याम उत्सव का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को बाबा खाटू श्याम की भक्ति और सेवा भाव से जोड़ना है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में न केवल आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है, बल्कि आपसी एकता, भाईचारा और सकारात्मकता का भी संदेश जाता है। इस आयोजन को सफल बनाने में पटवारी परिवार रामगढ़ के सभी लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।