रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ कॉलेज एलुमनी एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक शांति धारा ट्रस्ट के प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थापक अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को याद किया।
बैठक में उपाध्यक्ष अखौरी कृष्णा बिहारी प्रसाद ने अंबेडकर जी के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके द्वारा निर्मित संविधान आज देश के सुचारू संचालन का आधार है। वहीं डॉ. उमा सेन गुप्ता ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और सामाजिक न्याय के प्रति उनके योगदान को विस्तार से बताया।
संस्थापक अध्यक्ष ने भी संविधान निर्माण और राष्ट्र निर्माण में अंबेडकर जी की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान सचिव तारा शंकर अग्रवाल ने पिछली बैठक की कार्यवाही प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में अंजू शर्मा एवं अखिलेश कुमार सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में अध्यक्ष प्रो. प्रणीत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।