रामगढ़ (झारखंड) : श्री कृष्ण विद्या मंदिर के छात्रों ने कक्षा 10वीं की केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। घोषित परिणाम में विद्यालय का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा।
कुल 99 विद्यार्थियों में से 4 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जबकि 20 छात्रों ने 80 प्रतिशत से ऊपर, 33 ने 70 प्रतिशत से अधिक और 59 विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त किए।
इस वर्ष रानी कुमारी ने 95 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो अंग्रेजी में 38, हिंदी में 22, गणित में 3, विज्ञान में 15, समाजशास्त्र में 26 और कंप्यूटर (आईटी) में 50 छात्रों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर प्रतिष्ठा हासिल की।
विषयों में उच्चतम अंक भी उल्लेखनीय रहे—अंग्रेजी में 97, हिंदी में 93, गणित में 91, विज्ञान में 94, समाजशास्त्र में 96 और कंप्यूटर में 97 अंक प्राप्त हुए। कुल 59 छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने इस उत्कृष्ट परिणाम पर खुशी जताते हुए सभी सफल छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं उपाध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल, सचिव विमल किशोर जाजू, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल और सह-सचिव अशोक अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी।
प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हुए भविष्य में और बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई।