रामगढ़ कैंट (झारखंड) :रामगढ़ कैंट क्षेत्र के अरगड्डा हेसला स्थित झारखंड इस्पात लिमिटेड के लोहा प्लांट में छह अप्रैल को हुए भीषण ब्लास्ट का असर लगातार सामने आ रहा है। ब्लास्ट फर्नेस फटने से गंभीर रूप से झुलसे एक और मजदूर रामगढ़ क्षेत्र निवासी श्यामदेव बरई की बुधवार देर रात रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस हादसे में अब तक कुल पांच मजदूरों की जान जा चुकी है। इससे पहले बृजलाल बेदिया, राजू झा, अशोक बेदिया और अखिल राय की मौत हो चुकी थी। घटना में कुल नौ मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनका इलाज रामगढ़ और रांची के विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है।
घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया था। आंदोलन के बाद प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 21 लाख रुपये मुआवजा तथा अन्य सुविधाएं देने की घोषणा की है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।