रामगढ़  में उपायुक्त का मांडू दौरा, महुआ संग्रहण प्रशिक्षण से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने बुधवार को मांडू प्रखंड के पुण्डी पंचायत स्थित भुताही गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए आयोजित महुआ संग्रहण प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम में महिलाओं को महुआ संग्रहण की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से “पिकअप तकनीक” पर जोर दिया गया, जिससे कम समय में अधिक और बेहतर गुणवत्ता का संग्रहण संभव हो सके। विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से संग्रहण और प्रसंस्करण करने पर महुआ को बाजार में बेहतर मूल्य मिल सकता है, जिससे आय में वृद्धि होगी।

इसके साथ ही महिलाओं को महुआ के सुरक्षित भंडारण और सही तरीके से सुखाने की विधियों का भी प्रशिक्षण दिया गया, ताकि उत्पाद की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहे।

उपायुक्त ने कहा कि झारखंड में महुआ केवल वन उपज नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम इस दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने महिलाओं को प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा उत्पादों को बाजार से जोड़ने और उचित मूल्य दिलाने का आश्वासन भी दिया गया।

इस दौरान उपायुक्त ने लाभुकों के बीच चेक का वितरण किया और उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अग्रगति संस्था द्वारा GIZ एवं JHAMFCO FED, रांची के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया रोपण देवी ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। साथ ही ग्रामीण महिलाओं ने भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया, जिससे कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर किरण शंकर दत्त, रूपेश ठाकुर, श्याम सुंदर महतो, मोहम्मद बिलाल अंसारी, गौतम कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। महिलाओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आजीविका के नए अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।