झारखंड में लोकायुक्त की नियुक्ति : सेवानिवृत्त न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता को मिली जिम्मेदारी

Spread the love

रांची (झारखंड) : राज्य में लंबे समय से खाली पड़े लोकायुक्त पद पर आखिरकार नियुक्ति हो गई है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता को झारखंड का नया लोकायुक्त नियुक्त किया है। इस संबंध में गुरुवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई।

अब अगला चरण शपथ ग्रहण का है, जिसमें राज्यपाल स्वयं लोकायुक्त को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

न्यायमूर्ति गुप्ता का न्यायिक करियर लंबा और विविध रहा है। वे वर्ष 1997 में न्यायिक सेवा में शामिल हुए और संयुक्त बिहार के समय एडीजे के रूप में कार्य किया। इसके बाद उन्होंने धनबाद और दुमका सहित कई जिलों में अपनी सेवाएं दीं।

रांची में वे सीबीआई के विशेष न्यायाधीश (पशुपालन मामलों) के रूप में भी पदस्थ रहे। वर्ष 2013 में उन्हें झारखंड उच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनाया गया, जहां से वे 30 मई 2021 को सेवानिवृत्त हुए।

सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने आरआरडीए ट्रिब्यूनल के चेयरमैन के रूप में भी कार्य किया और राज्य सरकार में विधि सचिव की जिम्मेदारी भी संभाली।

उनका जन्म 31 मई 1959 को हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा साहिबगंज के सेंट जेवियर्स स्कूल से प्राप्त करने के बाद उन्होंने दिल्ली स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।

गौरतलब है कि झारखंड में लोकायुक्त का पद जून 2021 से खाली था। इससे पहले डीएन उपाध्याय इस पद पर थे, जिनका कोविड-19 के दौरान निधन हो गया था।

करीब पांच वर्षों तक यह पद रिक्त रहने के कारण भ्रष्टाचार से जुड़े लगभग तीन हजार मामले लंबित हो गए। इस मुद्दे को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में याचिका भी दायर की गई थी, जिस पर लगातार सुनवाई चल रही है।

बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल को होने वाली अगली सुनवाई से पहले ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जिससे लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।