रामगढ़ (झारखंड) : सीबीएसई 10वीं परीक्षा का परिणाम जारी होते ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कैथा रामगढ में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय का परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा, जिससे छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय की कुल 58 छात्राओं ने परीक्षा दी और सभी ने सफलता हासिल की। इनमें 25 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी तथा 33 छात्राओं ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की।
परिणाम में योगिता कुमारी (पिता: महेश करमाली) ने 80.4% अंक लाकर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं स्वेता कुमारी (75.4%) दूसरे स्थान पर रहीं, प्रिया कुमारी (74.8%) तीसरे स्थान पर, कुसुम कुमारी (74.2%) चौथे स्थान पर रहीं।
पाँचवें स्थान पर प्रिया कुमारी (पिता: महेंद्र बेदिया) और इंदु कुमारी (पिता: खेटू मुंडा) ने 73% अंक प्राप्त किए।
गौरतलब है कि पहली बार रामगढ़ (झारखंड) जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के साथ सीबीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ा गया था। इसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय के वार्डेन और शिक्षिकाओं की मेहनत का परिणाम है। छात्राओं ने न सिर्फ परीक्षा में सफलता हासिल की, बल्कि जिले का नाम भी रोशन किया है।
वहीं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि भविष्य में छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन के लिए विभाग हर संभव सहयोग करेगा, ताकि परिणाम और बेहतर हो सके।
इस अवसर पर विद्यालय की वार्डेन अल्पना कुमारी सहित शिक्षिकाओं और अन्य लोगों ने सभी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।