रामगढ़ (झारखंड) : जिले के भदानीनगर क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के संवेदक से लेवी मांगने और धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने पत्रकार सम्मेलन में दी है।
जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली कि भदानीनगर ओपी क्षेत्र के सुथरपुर गांव में निर्माण कार्य करा रहे संवेदक को पांडेय गिरोह के नाम पर मोबाइल के जरिए धमकी देकर लेवी मांगी जा रही है। इस मामले में पतरातु (भदानीनगर) ओपी थाना कांड संख्या 93/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर भदानीनगर के देवरिया कुरसे मोड़ से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी :
अशोक महतो (उम्र 29 वर्ष), निवासी रोचाप, थाना पतरातु, जिला रामगढ़
बरामदगी :
7.65 एमएम देशी पिस्टल – 1
जिंदा कारतूस – 3
मोबाइल फोन – 2
गिरफ्तारी के बाद एक अन्य कांड संख्या 94/26 भी दर्ज किया गया है, जिसमें आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराएं जोड़ी गई हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
अपराधिक इतिहास :
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2020, 2022 और 2023 में पतरातु थाना में रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में पतरातु, भदानीनगर, बरकाकाना और भुरकुंडा थाना की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में रंगदारी और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।