रामगढ़ (झारखंड) :रामगढ़ जिले के 16वें पुलिस अधीक्षक के रूप में मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। एसपी कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, वहीं निवर्तमान एसपी अजय कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्होंने कार्यभार संभाल लिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी लुनायत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रामगढ़ में जवाबदेह, जनमित्र और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था स्थापित करना होगा। उन्होंने आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने तथा आपसी दूरी कम करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही अपराध नियंत्रण को सख्ती से लागू करने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को भी अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
उन्होंने कहा कि जिले में आधुनिक और प्रभावी पुलिसिंग व्यवस्था लागू करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर डीएसपी मुख्यालय चंदन वत्स समेत कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।