रामगढ़, झारखंड : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का रामगढ़ जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की सुदृढ़ तैयारियों और सतर्क निगरानी के कारण जिले के सभी 13 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समयानुसार दो पालियों में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा के लिए कुल 2,940 अभ्यर्थियों हेतु व्यापक व्यवस्था की गई थी। उपायुक्त ऋतुराज के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा सभी केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही।
परीक्षा के दौरान आयोग द्वारा जारी एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय सघन जांच (फ्रिस्किंग) की गई तथा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगाई गई।
प्रश्न पत्रों एवं ओएमआर शीट्स के सुरक्षित वितरण, संधारण और परीक्षा उपरांत सीलिंग की प्रक्रिया भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराई गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई, जिससे शांति व्यवस्था बनी रही।
वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और वहां तैनात दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए नोडल पदाधिकारी कुमारी गीतांजली सहित सभी दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से परीक्षा का निष्पक्ष और सफल संचालन संभव हो सका।