गिद्दी, झारखंड : जर्जर दामोदर पुल का जायजा लेने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा, जीएम के नहीं पहुंचने पर सड़क जाम

Spread the love
तबीयत बिगड़ने के बाद धरना स्थल पर लेटें यशवंत सिन्हा

 गिद्दी (हज़ारीबाग़) , झारखंड : पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने रविवार को गिद्दी-भुरकुंडा स्थित जर्जर दामोदर पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यह पुल कभी भी ध्वस्त हो सकता है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार और कोल इंडिया के चेयरमैन से बातचीत की गई है। नए पुल के निर्माण और पुराने पुल की मरम्मत पर करीब 19 करोड़ 44 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया प्रबंधन को प्रक्रिया के तहत राशि उपलब्ध कराने में तीन से चार महीने का समय लग सकता है, जबकि राज्य सरकार फिलहाल पांच करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की बात कह रही है, ताकि निविदा प्रक्रिया शुरू हो सके।

इस मामले को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री महाप्रबंधक (जीएम) से बातचीत करना चाहते थे, लेकिन उनके उपस्थित नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पुल के पास सड़क जाम कर दिया और धरने पर बैठ गए।

धरना के दौरान यशवंत सिन्हा की अचानक तबीयत भी बिगड़ गई, हालांकि इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा।

बाद में अरगड्डा एरिया के महाप्रबंधक द्वारा पुल निर्माण एवं मरम्मत को लेकर लिखित आश्वासन भेजा गया, जिसके बाद आंदोलनकारियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।