चितरपुर ज्वेलर्स लूट कांड पर चेंबर का आक्रोश, जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ चेंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने चितरपुर क्षेत्र में 21 अप्रैल 2026 को शिव शंकर जेवेल्लेर्स में हुई लूट कांड की घटना की कड़ी निंदा की है। चेंबर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस वारदात के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

चेंबर के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण व्यवसायी वर्ग अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर असहज महसूस कर रहा है।

चेंबर ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए ठोस कार्रवाई करने और चितरपुर समेत पूरे रामगढ़ जिले में व्यवसायिक एवं स्वर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए नियमित गश्ती और प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।

चेंबर ने यह भी बताया कि इससे पहले भुरकुंडा स्थित विजय ज्वेलर्स और रामगढ़ स्थित वोलकन बजाज में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना और बढ़ी है।

चेतावनी देते हुए चैम्बर ने कहा कि यदि इन घटनाओं का शीघ्र खुलासा नहीं किया गया, तो संगठन व्यवसायियों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी।