नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर रामगढ़ में भाजपा का विरोध प्रदर्शन, विपक्ष के खिलाफ पुतला दहन

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ कैंट मंडल द्वारा शुक्रवार शाम रामगढ़ कैंट के सुभाष चौक पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध में मतदान करने वाले विपक्षी सांसदों के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध जताया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने किया।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले इस महत्वपूर्ण विधेयक को रोकने के लिए विपक्षी दलों ने मतदान किया। पार्टी का कहना है कि यह कदम महिला सशक्तिकरण के खिलाफ है।

मौके पर मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर विपक्ष ने अपनी संकीर्ण सोच उजागर की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी मिलने जा रही थी, लेकिन विपक्ष ने इसे बाधित करने का प्रयास किया। उन्होंने चेतावनी दी कि महिला शक्ति इस विरोध को कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष केवल वोट बैंक की राजनीति में लगा हुआ है।

पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महिला सम्मान के समर्थन में और विपक्ष के विरोध में जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री ऋषिकेश सिंह सहित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और किसान मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मंडल महामंत्री ऋषिकेश सिंह ने जानकारी दी कि 25 अप्रैल 2026 को रांची के मोराबादी मैदान से अल्बर्ट एक्का चौक तक ‘महिला आक्रोश मार्च’ निकाला जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए कार्यकर्ताओं के लिए बस की व्यवस्था की गई है और सभी से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

इस दौरान कई स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने महिला सम्मान और अधिकारों के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।