
कुजू ओपी में पुलिस अधिकारियों से जानकारी लेते एसपी
रामगढ़ (झारखंड) : दिनांक 23 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ द्वारा रामगढ़ अनुमंडल क्षेत्र के वेस्ट बोकारो ओपी एवं कुज्जू ओपी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ओपी क्षेत्र के भौगोलिक परिदृश्य की विस्तृत जानकारी ली गई।
इस क्रम में ओपी में पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों के कार्य बंटवारे की समीक्षा की गई। साथ ही सिरिस्ता अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित वारंट, कुर्की एवं सम्मन के निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा आरोप पत्रित अपराधकर्मियों के भौतिक सत्यापन की स्थिति का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना में लंबित चरित्र एवं पासपोर्ट सत्यापन, सीसीटीएनएस प्रविष्टि, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन की भी समीक्षा की। इसके अतिरिक्त ई-साक्ष्य के संधारण और उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए, ताकि कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।