ब्राह्मणों को बदनाम करना बंद करें जेएलकेएम नेता  :  धनंजय कुमार पुटूस

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के पंडा समाज को निशाना बनाए जाने को लेकर रामगढ़ विधानसभा के विधायक प्रत्याशी रहेधनंजय कुमार पुटूस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को बदनाम करने की कोशिशें तुरंत बंद होनी चाहिए।

उन्होंने हाल ही में जेएलकेएम नेता चुन्नू नायक द्वारा मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा को लेकर दिए गए बयान को न केवल तथ्यहीन बताया, बल्कि समाज में अनावश्यक वैमनस्य फैलाने वाला भी करार दिया। पुटूस ने कहा कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता और राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

धनंजय कुमार पुटूस, जो रामगढ़ विधानसभा के विधायक प्रत्याशी रह चुके हैं, ने अपने बयान में कहा कि मां छिन्नमस्तिका मंदिर सदियों पुरानी आस्था का केंद्र है, जहां पूजा-पद्धति और परंपराएं निर्धारित व्यवस्था के तहत संचालित होती रही हैं। बिना तथ्यों के यह आरोप लगाना कि रजरप्पा मंदिर के पंडाओं ने पहानों का अधिकार छीना है, पूरी तरह भ्रामक और गैर-जिम्मेदाराना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय सनातन परंपरा में प्रत्येक समाज और वर्ग का अपना सम्मानित स्थान और भूमिका है। ब्राह्मण समाज ने सदियों से धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसका सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के प्रति भी गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उनके अधिकारों और विकास के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।

पुटूस ने जेएलकेएम नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के भड़काऊ और आधारहीन बयान देने से बचना चाहिए, अन्यथा इससे समाज में विभाजन और तनाव बढ़ेगा, जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उन्होंने जेएलकेएम नेता चुन्नू नायक और केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो से सार्वजनिक रूप से ब्राह्मण पंडा समाज से माफी मांगने की मांग की है।

अंत में उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और नेताओं से अपील की कि वे समाज की एकता, सौहार्द और आपसी सम्मान को बनाए रखने की दिशा में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें। उन्होंने कहा कि रामगढ़, झारखंड की पहचान हमेशा सामाजिक समरसता और भाईचारे की रही है, जिसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।