रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ (झारखंड) में आगामी 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि रामगढ़ (झारखंड) जिले में नीट परीक्षा 2026 के लिए कुल तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं—केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना एवं आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़। इन केंद्रों पर कुल 889 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, प्रकाश एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश के लिए पर्याप्त कर्मियों की तैनाती करने को भी कहा गया।
उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक को सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को परीक्षा पूर्व केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और परीक्षा के दिन समय से पूर्व पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।