रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ (झारखंड) स्थित राजरप्पा मंदिर परिसर के प्रस्तावित पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा एवं कार्यों में तेजी लाने को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान पूर्व में लिए गए निर्णयों एवं झारखंड हाईकोर्ट, रांची के निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त के पूर्व भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के आलोक में तैयार नजरी नक्शा भी अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किया गया।
उपायुक्त ने नजरी नक्शा के आधार पर भूमि उपलब्धता, आधारभूत संरचना विकास, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार, वॉच टावर निर्माण, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और तय समयसीमा के अनुरूप कार्यों को पूरा करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि पुनर्विकास योजना के पूर्ण होने से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। साथ ही उपायुक्त ने आगामी शनिवार को पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया।