कमर्शियल गैस सिलेंडर आपूर्ति पर उपायुक्त की सख्ती, कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : जिले में कमर्शियल गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति एवं आवश्यकताओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड (IOCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड  (HPCL) सहित अन्य गैस आपूर्ति एजेंसियों से आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसियों को गैस स्टॉक, वितरण प्रणाली और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लंबित गैस कनेक्शन एवं सिलेंडर आपूर्ति की मांगों की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए, ताकि आवश्यक सेवाओं में कोई बाधा न आए।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि जिले के सभी गैस एजेंसियों का निरीक्षण अगले दो दिनों के भीतर पूरा किया जाए और उसकी रिपोर्ट समर्पित की जाए।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एजेंसियां नियमों के तहत ही आम लोगों को गैस उपलब्ध कराएं। यदि किसी भी क्षेत्र से कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।