रामगढ़ (झारखंड} : रामगढ़ जिले के कोतरे-बसंतपुर पंचमो स्थित केबीपी कोल परियोजना के सुचारू संचालन एवं प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने केबीपी कोल परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं परियोजना प्रबंधन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के विकास कार्यों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मूलभूत सुविधाओं पर दिया गया जोर
उपायुक्त ने परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार उपलब्धता, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के निर्देश
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने रोजगार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा, जलापूर्ति सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को उठाया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं परियोजना प्रबंधन को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने तथा नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पर्यावरणीय मानकों के पालन पर सख्ती
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि परियोजना क्षेत्र में पर्यावरणीय मानकों का सख्ती से पालन किया जाए तथा प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, परियोजना प्रबंधन के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।