रामगढ़ ( झारखंड) :गुरुवार को रामगढ़ जिले में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकान गणना को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की।
एनआईसी रामगढ़ के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त ने बताया कि जनगणना-2027 की सभी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनरों द्वारा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि वर्तमान में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर प्रखंड स्तर के मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
डिजिटल माध्यम से होगी पूरी जनगणना प्रक्रिया
उपायुक्त ने जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके तहत 1 से 15 मई तक सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा दी जाएगी, जिसमें नागरिक स्वयं मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
प्रथम चरण 16 मई से शुरू
जनगणना के प्रथम चरण के तहत हाउस लिस्टिंग (मकान सूचीकरण) का कार्य 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित होगा। इसके बाद द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा, जो फरवरी 2027 में निर्धारित है।
जिले में तैनात किए गए अधिकारी-कर्मी
रामगढ़ जिले में जनगणना कार्य के लिए 8 चार्ज ऑफिसर नियुक्त किए गए हैं। इनके सहयोग के लिए 1870 प्रगणक और 312 सुपरवाइजर लगाए गए हैं, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी और संचालन करेंगे।
पोर्टल पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं भारत की जनगणना के आधिकारिक पोर्टल census.gov.in पर उपलब्ध हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे पोर्टल के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।