रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ कैंट क्षेत्र में छावनी परिषद के नवपदस्थापित सीईओ विवेक सिंह ने सोमवार को परिषद के गैराज में सफाई कर्मियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गर्मी को ध्यान में रखते हुए कर्मियों के बीच टोपी और पानी की बोतल का वितरण किया।
सफाई कर्मियों को संबोधित करते हुए सीईओ ने कहा कि शहर को साफ और स्वच्छ बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से सोमवार के दिन सफाई कार्य पर अतिरिक्त ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बताया कि रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को कचरे की मात्रा अधिक रहती है, इसलिए इस दिन सफाई व्यवस्था को और बेहतर तरीके से संचालित करना जरूरी है।
सीईओ विवेक सिंह ने सफाई कर्मियों से पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सफाई कर्मियों को होने वाली समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
मौके पर छावनी परिषद के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे।