रामगढ़ कैंट (झारखंड) : चैंबर ऑफ कॉमर्स प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ विवेक सिंह से की मुलाकात, समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड): रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को रामगढ़ छावनी परिषद के नवनियुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) विवेक सिंह (IDES) से शिष्टाचार मुलाकात की और उनके रामगढ़ आगमन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए छावनी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इनमें नवनिर्मित बस टर्मिनल की स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुभाष चौक स्थित रेलिंग की मरम्मत, नाली निर्माण, जलजमाव की समस्या और बिजुलिया तालाब के संरक्षण जैसे मुद्दे शामिल थे।

सीईओ विवेक सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और बिजुलिया तालाब के विकास से जुड़े कार्य निकट भविष्य में प्राथमिकता के साथ किए जाएंगे। साथ ही अन्य समस्याओं का समाधान भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, जिसमें चैंबर ऑफ कॉमर्स की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि रामगढ़ शहर में जाम की समस्या मुख्य रूप से अतिक्रमण के कारण उत्पन्न हो रही है और छावनी परिषद क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मौके पर प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मंजीत सहानी, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी (मानु), सह सचिव इंदर पाल सिंह सैनी (पाले) एवं कार्यकारिणी सदस्य अभिजीत कुमार (बिजी) उपस्थित थे।