रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ कैंट स्थित प्रधान डाकघर में डाक सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर एक विशेष पहल की गई। इस दौरान जिले के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने विभिन्न राजनीतिक दलों के सक्रिय सदस्यों से मुलाकात कर डाकघर की योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
इसी क्रम में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष मंजू जोशी और मांडू प्रखंड अध्यक्ष पिंकी राय से भी बातचीत की गई। मुलाकात के दौरान उन्हें डाकघर की विभिन्न योजनाओं जैसे बचत खाता, सुकन्या समृद्धि योजना, पीपीएफ खाता, आवर्ती जमा योजना, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डाकघर की ओर से उन्हें गंगाजल भी भेंट किया गया। साथ ही दोनों जनप्रतिनिधियों ने डाक सेवाओं के प्रति समर्थन जताते हुए 100 पोस्टकार्ड खरीदे और मेल सेवा में सहभागिता निभाई।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भले ही आधुनिक संचार के कई माध्यम उपलब्ध हैं, लेकिन डाक पत्र की अपनी अलग पहचान और विश्वसनीयता आज भी कायम है। उन्होंने कहा कि मात्र 50 पैसे में भावनाओं और संदेशों को अपने प्रियजनों तक पहुंचाने का माध्यम डाकघर ही है, जिसका श्रेय वहां के कर्मियों को जाता है।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को डाकघर की बचत और बीमा योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने कहा कि डाकघर की सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ने पर घर-घर जाकर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।