रामगढ कैंट (झारखंड) : सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की सदस्यों ने रांची स्थित ब्रज किशोर नेत्रहीन बालिका विद्यालय का दौरा किया। इस विद्यालय में कक्षा 1 से लेकर स्नातक तक की कुल 32 छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां कई बालिकाएं कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर रही हैं तथा कॉल सेंटर में कार्य करने का प्रशिक्षण भी ले रही हैं, जो विद्यालय परिसर में ही संचालित है।
क्लब की ओर से छात्राओं के लिए बेड कवर, लेगिंग्स एवं अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही दो बालिकाओं के कंप्यूटर प्रशिक्षण एवं कॉल सेंटर पर कार्य करने के प्रशिक्षण कोर्स की फीस भी दी गई, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने जीवनयापन के लिए सक्षम हो सकें और सामान्य जीवन जी सकें।
इसके अलावा फल, मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री का भी वितरण किया गया, जिससे छात्राओं के बीच खुशी का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ के साथ पीडीसी शर्मिष्ठा दत्ता, मेघा बगरिया, नीरू साहनी, अनुराधा श्रॉफ, रंजू अग्रवाल, दीपा वडेरा, बिजया लक्ष्मी आएगर, पिंकी गांधी, जसमीत सोनी, श्वेता जैन एवं अंबाली जैन आदि उपस्थित थीं।
क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज के कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं और भविष्य में भी क्लब इसी तरह के प्रयास जारी रखेगा।