कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू के नया मोड़ फोर लेन चौराहा के पास गुरुवार रात एक दुर्घटनाग्रस्त कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। बताया गया कि कार में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार मांडूडीह निवासी रवि कुमार एक मरीज को लेकर मांडू से रामगढ़ अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान नया मोड़ ओवरब्रिज के पास आगे चल रही महिंद्रा थार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही हुंडई i10 कार उससे टकरा गयी और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को टोचन कर कुजू ओपी ले जाया जा रहा था। इसी दौरान नया मोड़ फोर लेन चौराहा के समीप अचानक कार में शॉर्ट सर्किट हो गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गयी। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था।
घटना की सूचना मिलने पर कुजू ओपी के पुलिस पदाधिकारी आशीष कुमार गौतम और राजेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।