रामगढ़ (झारखंड) : नगर परिषद रामगढ़ के सभागार में शनिवार को बोर्ड की दूसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी ने की। इस दौरान रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी और नगर परिषद उपाध्यक्ष रंधीर गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए रामगढ़ विधायक ममता देवी ने सभी नवनिर्वाचित वार्ड पार्षदों को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पार्षद अपने-अपने वार्ड की योजनाओं को व्यवस्थित रूप से तैयार करें। जनता ने काफी उम्मीदों के साथ अपने प्रतिनिधियों का चयन किया है, इसलिए उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना सभी की जिम्मेदारी है।
बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने भी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि बोर्ड की बैठक के एजेंडा पर विस्तार से चर्चा की जाए और वार्डों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाए, ताकि उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल हो सके।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी वार्ड पार्षद अपने-अपने लेटर पैड पर पेयजल, बिजली, सड़क, नाली (ड्रेन) सहित अन्य समस्याओं से संबंधित योजनाओं का प्रस्ताव नगर परिषद को सौंपेंगे। इनमें जो योजनाएं प्रक्रिया के अनुरूप होंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।
बैठक का संचालन नगर परिषद रामगढ़ के कार्यपालक पदाधिकारी सह बोर्ड सचिव अजमल हुसैन ने किया। मौके पर नगर परिषद रामगढ़ के सभी 32 वार्डों के पार्षदों के अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।