रजरप्पा मंदिर के पुनर्विकास की तैयारी तेज, उपायुक्त ऋतुराज ने बस स्टैंड, घाट और दुकानों के लिए चिन्हित स्थलों का किया निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने शनिवार को चितरपुर प्रखंड स्थित मां छिन्नमस्तिका सिद्ध पीठ रजरप्पा मंदिर का दौरा कर प्रस्तावित पुनर्विकास योजना की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास विकसित की जाने वाली सुविधाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित बस स्टैंड, प्रवेश एवं निकास द्वार, घाट निर्माण, दुकानों के पुनर्स्थापन तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के लिए चिन्हित स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पुनर्विकास कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों और संबंधित सदस्यों ने मंदिर क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों से उपायुक्त को अवगत कराया। उपायुक्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाया गया है। जिन दुकानदारों को हटाया गया है, उन्हें उपलब्ध खाली स्थानों पर व्यवस्थित रूप से पुनर्स्थापित करने के लिए स्थान चिन्हित किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने कहा कि रजरप्पा मंदिर झारखंड का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में बेहतर यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को मूर्त रूप देने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ अनुराग कुमार तिवारी, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, चितरपुर के अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।