रामगढ़ (झारखंड) :रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को हिट एंड रन सड़क दुर्घटना मुआवजा योजना के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों के लंबित आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के बाद उपायुक्त ने कुल 34 वैध आवेदनों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृत मामलों के लिए कुल 68 लाख रुपये की सहायता राशि मंजूर की गई है। योजना के तहत प्रत्येक मृतक के आश्रितों को नियमानुसार 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि सभी मामलों का निष्पादन मिनिस्ट्री ऑफ़ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाइवेज के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित पात्र परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और कोई भी योग्य आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
हिट एंड रन मुआवजा योजना के प्रमुख प्रावधान
अज्ञात वाहन की टक्कर से किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में 50 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान है।
लाभ प्राप्त करने के लिए पीड़ित या उनके परिजनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित अंचल कार्यालय या थाना के माध्यम से आवेदन करना होता है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना से संबंधित मामलों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर आवेदन करें, ताकि पात्र लाभुकों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जा सके।