रामगढ़ के पारसोतिया में युवक को लगी गोली, गंभीर हालत में रिम्स रांची रेफर

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड): रामगढ़ शहर के पारसोतिया क्षेत्र में सोमवार शाम करीब सात बजे गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज (रिम्स), रांची रेफर किया गया है।

घायल युवक की पहचान अंकित यादव (पिता गर्जन यादव), निवासी बंगाली टोला, रामगढ़ के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार युवक को छाती में गोली लगी है और गोली शरीर के भीतर फंसी होने की बात कही जा रही है।

घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मामला व्यक्तिगत संबंधों या कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। वहीं यह भी चर्चा है कि युवक ने स्वयं को गोली मारी, जबकि कुछ लोग इसे आपराधिक घटना बता रहे हैं। फिलहाल इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना के बाद परिजन घायल युवक को रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल रांची रेफर कर दिया।

सूत्रों के अनुसार अंकित यादव के विरुद्ध पूर्व में कुछ आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

 पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली कैसे चली और घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है।