गोला के पूरबडीह में जंगली हाथियों का कहर, घर, फसल और स्कूल की चहारदीवारी को पहुंचाया नुकसान

Spread the love

गोला, रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत पूरबडीह पंचायत के रायपुरा गांव और आसपास के क्षेत्रों में जंगली हाथियों के लगातार प्रवेश से ग्रामीणों में भय का माहौल है। रविवार रात हाथियों के एक झुंड ने कई घरों, खेतों और एक विद्यालय परिसर में भारी नुकसान पहुंचाया।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो दिनों से शाम होते ही हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ रहा है। रातभर हाथी गांवों और खेतों में घूमते रहते हैं, जिससे लोग पूरी रात जागकर अपने घरों और फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं।

घर और खेती को भारी क्षति

रायपुरा गांव निवासी कामेश्वर महतो के घर को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं राकेश महतो के खेत में लगी लौकी की फसल को पूरी तरह रौंद दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि कई अन्य किसानों की सब्जियों और खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे आर्थिक हानि हुई है।

स्कूल परिसर भी नहीं बचा

हाथियों के झुंड ने सिद्धार्थ इंटरनेशनल अकादमी की चहारदीवारी को भी तोड़ दिया। इस घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और आसपास रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड कभी भी घनी आबादी वाले इलाकों में प्रवेश कर रहा है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

वन विभाग ने किया निरीक्षण

सूचना मिलते ही झारखण्ड फारेस्ट डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित परिवारों से जानकारी लेकर नुकसान का आकलन किया। अधिकारियों ने सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों की मांग

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने, नियमित निगरानी बढ़ाने और त्वरित सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती है।