कुजू में प्लाईवुड कारोबारी पर दिनदहाड़े चाकू से हमला, गंभीर हालत में रांची रेफर

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में प्लाईवुड कारोबारी पर दिनदहाड़े चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार कुजू पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित श्री श्याम प्लाईवुड के संचालक मोहन अग्रवाल सोमवार सुबह करीब नौ बजे अपनी दुकान-सह-आवास में बैठे थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा और खरीदारी के बहाने अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में मोहन अग्रवाल के हाथ, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल कारोबारी को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची रोड स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के पास से एक गमछा बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। कारोबारी मोहन अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहली बार खरीदारी के लिए आया था और उससे पहले कभी कोई विवाद नहीं हुआ था।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कुजू क्षेत्र के व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।