
रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को रामगढ़ शहर के विभिन्न ठेला-खोमचों और होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान मिलावटी पनीर, एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक, इंडस्ट्रियल रंग से बने खाद्य पदार्थ और हानिकारक रंग मिले मसालों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग ने सदर अस्पताल, सिविल कोर्ट और कोठार क्षेत्र के ठेलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई ठेलों में इंडस्ट्रियल रंग का उपयोग पाया गया, जिसके कारण छोला और चटनी को मौके पर ही नष्ट किया गया।
कोठार स्थित एमआर स्वीटस में 10 किलोग्राम मिलावटी पनीर पाया गया, जिसे तत्काल नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 30 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक भी नष्ट की गई। फ्लाई ओवर होटल और एमआर स्वीट्स से लिए गए मसालों की जांच में हानिकारक रंगों की पुष्टि हुई, जिसके बाद संबंधित मसालों को भी नष्ट किया गया। पवन होटल का भी निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी करने की बात कही है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो मंज़र हुसैन ने दुकानदारों को एक्सपायर्ड उत्पाद न बेचने, सभी खाद्य सामग्री पर स्पष्ट लेबलिंग करने, नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने तथा होटल कर्मचारियों के लिए एप्रन, ग्लव्स और हेडगियर का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही साफ पानी के उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने, फ़ूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया मानकों का पालन करने तथा सिंथेटिक रंगों के उपयोग से बचने की हिदायत दी।
जांच टीम में लुकेश रवानी सहित खाद्य सुरक्षा कार्यालय के अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।