रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज ने जिंदल फाउंडेशन के तीरंदाजी केंद्र और दिव्यांग विद्यालय का किया निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड में जिंदल फाउंडेशन  द्वारा संचालित तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र और दिव्यांग विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं तथा बच्चों को दी जा रही शैक्षणिक एवं अन्य सेवाओं का जायजा लिया।

तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में उपायुक्त ऋतुराज  ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनसे अभ्यास, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने बालिकाओं को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकती हैं।

उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में उपलब्ध संसाधनों और प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों तथा Jindal Foundation के प्रतिनिधियों को खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त दिव्यांग विद्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने अध्ययनरत बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, दैनिक गतिविधियों, प्रशिक्षण तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही विशेष शिक्षण व्यवस्था, सहायक उपकरणों और प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

उपायुक्त ऋतुराज  ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप हरसंभव सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिंदल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों से केंद्र एवं विद्यालय के संचालन, बच्चों की संख्या, उपलब्ध सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने वंचित और विशेष जरूरत वाले बच्चों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मौके पर उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिंदल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, प्रशिक्षकगण, शिक्षकगण तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।