रामगढ़ कैंट (झारखंड) : डाकघर सेवाएं अब पूरी तरह डिजिटल हो चुकी हैं, जिससे खाताधारकों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाएं मिल रही हैं। ऑनलाइन लेनदेन की व्यवस्था लागू होने के बाद अब खातों में जमा और निकासी की सूचना ग्राहकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तुरंत प्राप्त हो जाती है। इससे खाताधारकों को अपने खाते की जानकारी समय पर मिलती है और वे संतुष्ट होकर घर लौटते हैं।
डाकघर खातों को आधार से जोड़ने (आधार सीडिंग) के बाद ग्राहकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके खाते में प्राप्त हो रहा है। इसमें मंईयां सम्मान योजना, गैस सब्सिडी और अन्य प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजनाएं शामिल हैं।
India Post की ओर से खाताधारकों को अब आकर्षक, टिकाऊ और व्यक्तिगत नाम अंकित एटीएम कार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। इस एटीएम कार्ड का उपयोग देश के विभिन्न बैंकों के एटीएम से नकद निकासी के लिए किया जा सकता है।
रामगढ़ सब डिवीजन के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने जिले के सभी डाकघर खाताधारकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डाकघर में जाकर एटीएम कार्ड के लिए आवेदन करें। उन्होंने बताया कि आवेदन के बाद एटीएम कार्ड ग्राहकों के घर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा।