उपायुक्त ऋतुराज ने पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की समीक्षा बैठक की, प्लांट का भी किया निरीक्षण

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : उपायुक्त ऋतुराज  ने बुधवार को पतरातू स्थित पतरातू विद्युत् उत्पादन निगम लिमिटेड (पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड) के परियोजना कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति, समयबद्ध लक्ष्य, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) तथा स्थानीय रोजगार सृजन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों से जुड़े मामलों का निष्पादन संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

समीक्षा बैठक के उपरांत उपायुक्त ने पतरातू विद्युत् उत्पादन निगम लिमिटेड  के परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा व्यवस्था, पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन और अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय पर पूर्ण हों। साथ ही परियोजना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की जनसमस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान किया जाए।

बैठक और निरीक्षण के दौरान परियोजना से जुड़े संबंधित पदाधिकारी तथा जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।