रामगढ़ (झारखंड) : पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिले के पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्यों को लेकर गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत भवनों में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी पंचायत भवनों में पानी रिसाव, भवनों की जर्जर स्थिति, बिजली एवं पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीण प्रशासन की अहम इकाई हैं, जहां से आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिलता है। इसलिए इन भवनों का सुव्यवस्थित एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उपायुक्त ऋतुराज ने जिले के सभी सहायक अभियंताओं और कनीय अभियंताओं को समन्वय स्थापित करते हुए पंचायत भवनों का संयुक्त निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान भवनों में आवश्यक मरम्मत और विकास कार्यों का आकलन कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए और आगामी बुधवार तक जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि पंचायत भवनों में चिन्हित कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर कार्य करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। साथ ही पंचायत भवनों को अधिक सुविधायुक्त एवं बेहतर बनाने की दिशा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।